देश की खबरें | जे पी नड्डा की ‘कब्र’ के वीडियो को लेकर भाजपा ने आक्रोश जताया

हैदराबाद, 20 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की तस्वीर और बैनर के साथ एक सांकेतिक कब्र दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और भाजपा ने इस लेकर आक्रोश व्यक्त किया है।

वीडियो में कब्र के ऊपर लगे बैनर में लिखा है, ‘‘रीजनल फ्लुरॉइड मिटिगेशन एंड रिसर्च सेंटर, चोउटुप्पल’’।

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इसे तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की हरकत बताया और कहा कि यह राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी की ‘‘घिनौनी राजनीति’’ है।

चोउटुप्पल, मुनुगोडे विधानसभा क्षेत्र के तहत आता है जहां तीन नंवबर को उपचुनाव होना है।

किशन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘एक राष्ट्रीय पार्टी का अध्यक्ष, राज्यसभा के माननीय सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री (नड्डा)...टीआरएस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डी के लिए कब्र खोदकर घटिया राजनीति की है। मैं पूछता हूं कि क्या यह टीआरएस पार्टी की संस्कृति है?’’

उन्होंने कहा कि कोई सीमा होनी चाहिए और असामान्य गतिविधियों के लिए ‘‘लक्ष्मण रेखा’’ भी होनी चाहिए।

रेड्डी ने सवाल किया, ‘‘क्या यह आपकी (टीआरएस) संस्कृति है कि आप एक जीवित व्यक्ति को श्रद्धांजलि देते हैं?’’

पुलिस उपायुक्त भोंगीर के नारायण रेड्डी ने कहा कि जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘यह हमारे संज्ञान में आया है और हम तफ्तीश कर रहे हैं। हम आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के तहत एक मामला दायर करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)