अहमदाबाद, 31 अगस्त गुजरात में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल अचार्य देवव्रत ने कहा कि देश ने मुखर्जी के रूप में एक ऐसा नेता खो दिया है जिन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में राष्ट्र हित के लिए काम किया।
उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘वह एक विद्वान राजनेता थे जो अपनी कड़ी मेहनत के लिए जाने जाते थे। उन्होंने सादा जीवन व्यतीत किया और राष्ट्रसेवा की। ईश्वर उन्हें शांति प्रदान करें।’’
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि देश ने एक सक्षम राजनेता और एक मार्गदर्शक खो दिया है।
रूपाणी ने कहा, ‘‘मैं पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता हूं। वह एक मृदुभाषी व्यक्ति थे, जो हर किसी को सम्मान देते थे। वह ऐसे व्यक्तित्व की शख्सियत थे, जो पार्टी राजनीति से ऊपर थे।’’
उन्होंने कहा कि मुखर्जी का गुजरात से विशेष संबंध था क्योंकि वे यहां से राज्यसभा सांसद थे।
रूपाणी ने कहा, ‘‘गुजरात हमेशा उनके लंबे राजनीतिक जीवन और देश के लिए उनकी सेवा को याद रखेगा।’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि देश ने मुखर्जी के रूप में एक महान विचारक और राजनेताओं को खो दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘उनका पूरा जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित था। उनके निधन से बहुत पीड़ा हुई है और भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY