देश की खबरें | भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की बात नहीं कर सकती : बाबुल सुप्रियो

कोलकाता, दो जुलाई तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबुल सुप्रियो ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र में ‘भ्रष्ट व्यक्ति’ को मंत्री के तौर पर शामिल करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार के बारे में बात नहीं कर सकते ।

महाराष्ट्र की राजनीतिक उठापटक पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रियो ने इसे भाजपा का ‘पाखंड’ करार दिया। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार में मंत्री सुप्रियो ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का सामना कर रहे नेताओं को भाजपा द्वारा उत्पादित ‘वाशिंग मशीन’ में डाला जा रहा है ताकि उनके दाग धुल जाए।

सुप्रियो ने सिलसिलेवार ट्वीट कर दावा किया कि भाजपा द्वारा सम्मान नहीं मिलने की वजह से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के अधिकतर घटक अलग हो गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि जो वरिष्ठ नेता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ थे, वे मौजूदा नेतृत्व की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।

महाराष्ट्र सरकार को राकांपा नेता अजित पवार के रूप में एक और उप मुख्यमंत्री मिलने के घटनाक्रम को रेखांकित करते हुए सुप्रियो ने ट्वीट किया, ‘‘ देखिए उन्होंने बेचारे देवेंद्र फडणवीस के साथ क्या किया! यही कारण था जिसकी वजह से मैंने अपनी सांसद सदस्यता और उसके साथ मिलने वाले लाखों रुपये के भत्ते छोड़े।’’

भाजपा सांसद के तौर पर दिए गए अपने इस्तीफे को साझा करते हुए सुप्रियो ने लिखा, ‘‘यह करके मैं बहुत खुश हूं। आसनसोल से दूसरी बार तीना गुना अंतर से भाजपा की ओर से जीती सांसद सदस्यता को मैंने त्याग दिया।’’

गौरतलब है कि राकांपा से अलग होने के बाद अजित पवार एकनाथ शिंदे नीत सरकार में बतौर उप मुख्यमंत्री शामिल हुए। मुंबई स्थित राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने पवार को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जबकि आठ अन्य राकांपा नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्य में शिवसेना-भाजपा गठबंधन की सरकार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)