विदेश की खबरें | बाइडन लैंगिक समानता के लिए कांग्रेस से 2.6 अरब डॉलर की मांग करेंगे

बाइडन ने दुनियाभर में महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को पहचानने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इसकी घोषणा की।

उन्होंने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर व्हाइट हाउस की पहली लैंगिक नीति समिति गठित की थी ताकि उनके प्रशासन में लैंगिक समानता को बढ़ावा मिले।

राष्ट्रपति ने कहा कि हर किसी को ‘‘ईश्वर प्रदत्त’’ क्षमता के साथ जीने का अधिकार है चाहे वह किसी भी लिंग का हो और जब महिलाओं एवं लड़कियों को समृद्ध होने का मौका दिया जाता है तो समाज बेहतर प्रदर्शन करता है।

उन्होंने एक लिखित बयान में कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना कि प्रत्येक महिला और लड़की के पास वह मौका हो, यह सही चीज नहीं है - यह रणनीतिक रूप से अनिवार्य है जो हमारे देश और दुनिया की समृद्धि, स्थिरता और सुरक्षा को आगे बढ़ाती है।’’

बाइडन का 2.6 अरब डॉलर का अनुरोध वित्त वर्ष 2023 के लिए उनके संघीय बजट प्रस्ताव में शामिल होगा।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रथम महिला जिल बाइडन ने एक वीडियो के जरिये महिलाओं के योगदान को सलाम किया। उन्होंने मंगलवार को एरिजोना में कहा कि उन्हें यूक्रेन और रूस की महिलाओं की फिक्र रहती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)