देश की खबरें | भगवंत मान ने पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर ली शपथ

एसबीएस नगर (पंजाब), 16 मार्च आप नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राज्य के एसबीएस (शहीद भगत सिंह) नगर जिले में स्थित शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में आयोजित समारोह में मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ मान ने ही शपथ ली।

समारोह को दोपहर साढ़े बारह बजे (12:30) शुरू होना था लेकिन वह कुछ देरी से अपराह्न करीब एक बजकर 25 मिनट (1:25) पर शुरू हुआ।

समारोह में आम आदमी पार्टी (आप) के नवनिर्वाचित विधायकों, दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन और अन्य लोग मौजूद थे। सभी ने पीले रंग की पगड़ी पहनी हुई थी।

आप के पंजाब मामलों के प्रभारी जरनैल सिंह और सह प्रभारी राघव चड्ढा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

पंजाबी में शपथ लेने वाली 48 वर्षीय मान ने कार्यक्रम में एक संक्षिप्त भाषण भी दिया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले भाषण में, मान ने राज्य के लोगों को आश्वासन दिया कि पंजाब में उनकी पार्टी की सरकार बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों की दुर्दशा जैसे मुद्दों को दूर करने के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा, “आज से ही काम शुरू हो जाएगा। हम एक दिन भी बर्बाद नहीं करेंगे। हम पहले ही 70 साल लेट हो चुके हैं।”

मान ने वादा किया कि राज्य के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति में सुधार किया जाएगा जैसे दिल्ली में आप सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि जैसे विदेश से लोग दिल्ली के बेहतर स्कूलों और अस्पतालों को देखने आते हैं, वैसे ही वे भी पंजाब आएंगे। उन्होंने पंजाब के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए दूसरे देशों में प्रवास करने के मुद्दे का भी जिक्र किया।

बड़ी संख्या में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को धन्यवाद देते हुए मान ने कहा कि पहले शपथ ग्रहण समारोह क्रिकेट स्टेडियमों या राजभवनों में होता था। उन्होंने कहा, “अब यह शपथ ग्रहण समारोह शहीद के गांव में होता है।” उन्होंने कहा कि खटकड़ कलां उनके लिये नया नहीं है और वह पहले भी कई बार यहां आए हैं।

उन्होंने कहा, “भगत सिंह ने आजादी का सपना देखा था और आप आम लोगों तक उस आजादी को ले जाने की लिये संघर्ष कर रही है।”

भगत सिंह को हालांकि इस बात की चिंता थी कि आज़ाद होने के बाद देश की बागडोर कौन संभालेगा।

मान ने कहा, “उनकी (भगत सिंह) चिंता सही साबित हुई।” उन्होंने कहा कि 70 साल तक देश पर शासन करने वालों ने कुछ नहीं किया।

मान ने भगत सिंह को उद्धृत करते हुए कहा, "प्यार करना हर किसी का जन्मसिद्ध अधिकार है, क्यों न अपने वतन को अपना महबूब बनाया जाए।” उन्होंने युवाओं से “देश की मिट्टी को प्यार” करने की अपील की।

आप को मिले भारी जनादेश के लिए लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए मान ने कहा, “हम आपके बीच से हैं और ऐसे ही रहेंगे।” उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने इतिहास रच दिया है।

आप को मिले भारी बहुमत पर मान ने कहा, “आने वाले सालों में स्कूलों में पढ़ाया जाएगा कि लोगों ने बिना किसी डर या लालच के 20 फरवरी 2022 (पंजाब चुनाव) को वोट दिया।”

उन्होंने अरविंद केजरीवाल को विशेष रूप से धन्यवाद दिया और कहा कि आप देश की राजनीति में सुधार कर रही है।

उन्होंने आप के स्वयंसेवकों को अहंकार न करने या किसी के खिलाफ आपत्तिजनक का प्रयोग न करने की भी सलाह दी। मान ने कहा कि उनकी सरकार उन लोगों के लिए भी काम करेगी, जिन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)