देश की खबरें | बंगाल: सीबीआई से आरजी कर अस्पताल भ्रष्टाचार मामले से संबंधित सभी दस्तावेज पेश करने को कहा गया

कोलकाता, 30 जनवरी कोलकाता की एक विशेष अदालत ने आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के कार्यकाल के दौरान कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले की सुनवाई करते हुए बृहस्पतिवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को अगली सुनवाई की तारीख पर मामले से संबंधित सभी दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया।

पिछले वर्ष नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार कक्ष में एक महिला चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था।

घोष उस समय अस्पताल के प्राचार्य थे।

सीबीआई ने अलीपुर स्थित विशेष अदालत के न्यायाधीश को बताया कि उसे राज्य सरकार द्वारा संचालित अस्पताल में धन से संबंधित भ्रष्टाचार मामले में घोष और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार से मंजूरी मिल गई है।

अदालत ने एजेंसी से शुक्रवार को अगली सुनवाई पर सभी संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा।

उच्च न्यायालय ने 28 जनवरी को विशेष अदालत को निर्देश दिया था कि वह मामले की अगली सुनवाई की तारीख से एक सप्ताह के भीतर आरोप तय करने के लिए सभी प्रयास करे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)