देश की खबरें | बसवराज होराती निर्विरोध कर्नाटक विधान परिषद के सभापति निर्वाचित

बेलगावी (कर्नाटक), 21 दिसंबर अनुभवी राजनेता बसवराज होराती को बुधवार को निर्विरोध कर्नाटक विधान परिषद का सभापति निर्वाचित किया गया।

गौरतलब है कि आठ बार विधान परिषद के सदस्य रहे 76-वर्षीय होराती ने जनता परिवार के साथ पुराना संबंध समाप्त करते हुए इस वर्ष मई में जनता दल (एस) और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

बतौर एमएलसी उनका कार्यकाल समाप्त होने से महज दो महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दिया था और वह बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।

विधान परिषद में 75 सदस्यों के साथ भाजपा को बहुमत प्राप्त है, ऐसे में कांग्रेस और जद (एस) ने सभापति का चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था।

निर्वाचित सभापति की अनुपस्थिति में रघुनाथ राव मल्कापुरे अस्थायी (प्रो-टेम) सभापति के रूप में काम कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)