देश की खबरें | बंसल ने कोलकाता में घायल भाजपा कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, पुलिस पर ज्यादती का लगाया आरोप

कोलकाता, 18 सितंबर पश्चिम बंगाल के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने रविवार को पार्टी के उन कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जो हाल ही में राज्य सचिवालय तक मार्च के दौरान घायल हो गए थे।

बंसल ने रैली में ‘‘शांतिपूर्ण’’ समर्थकों पर पुलिस द्वारा ज्यादती करने का आरोप भी लगाया।

बंसल ने कोलकाता शहर के एमहर्स्ट स्ट्रीट और बेलीघाट इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। ये कार्यकर्ता 13 सितंबर को भाजपा के 'नबन्ना अभियान' का हिस्सा थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे हल्के में नहीं लेंगे। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी, जो पश्चिम बंगाल में तब-तब पुलिस की बर्बरता का शिकार होते हैं, जब-जब वे टीएमसी के कुशासन के खिलाफ आवाज उठाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी रिपोर्ट केंद्रीय भाजपा नेतृत्व को भेजूंगा।’’

भाजपा की एक तथ्यान्वेषी टीम ने शनिवार को कहा था कि पश्चिम बंगाल में ‘जंगल राज’ है और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अगले संसदीय चुनावों में इससे सबक सीखेगी।

राज्यसभा सदस्य बृजलाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर सहित भाजपा की पांच-सदस्यीय टीम ने अस्पतालों में इलाज करा रहे भाजपा के कुछ घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की थी।

इस बीच, टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने सवाल किया कि बंसल को रैली के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों से मिलने का समय क्यों नहीं मिला। घोष ने दावा किया, ‘‘नबन्ना अभियान के वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि कैसे पुलिस ने उस दिन हिंसक भाजपा कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने में संयम दिखाया। पुलिस ने विरोध के नाम पर शहर में बड़े पैमाने पर अशांति फैलाने के पार्टी के बड़े षड्यंत्र को विफल कर दिया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)