देश की खबरें | बांग्लादेश : अवामी लीग ने फरवरी में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया

नयी दिल्ली, 29 जनवरी बांग्लादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के इस्तीफे की मांग को लेकर सिलसिलेवार विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की है।

अवामी लीग ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर 'अत्याचार' करने का आरोप लगाया गया है।

यह अवामी लीग का पहला बड़ा प्रदर्शन है, जिसके अधिकांश नेता पिछले साल पांच अगस्त को हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद से या तो गिरफ्तार हैं या भूमिगत हैं।

अवामी लीग के फेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक बयान के अनुसार, पार्टी अंतरिम सरकार के इस्तीफे की मांग करने तथा हड़ताल एवं नाकेबंदी के लिये एक फरवरी से सड़कों पर उतरेगी।

बयान में कहा गया है कि पार्टी शनिवार से बुधवार तक अपनी मांगों के लिए पर्चे बांटेगी और अभियान चलाएगी।

अवामी लीग के बयान के मुताबिक छह फरवरी को देश भर में विरोध मार्च और रैलियां आयोजित की जाएंगी, इसके बाद 10 फरवरी को प्रदर्शन और रैलियां होंगी।

इसमें कहा गया है कि 16 फरवरी को देशव्यापी नाकेबंदी की घोषणा की गई है तथा 18 फरवरी को सुबह से शाम तक 'सख्त' हड़ताल होगी।

इस बयान में अवामी लीग के सत्ता से बेदखल होने के बावजूद हसीना को 'प्रधानमंत्री' बताया गया। बयान में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण में अपदस्थ प्रधानमंत्री और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ हत्या के मामलों तथा अन्य आरोपों को वापस लेने की भी मांग की गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)