श्रीनगर, 19 अप्रैल कश्मीर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण ईद से पहले खरीदारी करने वालों का उत्साह फीका पड़ गया है।
ईद-उल-फितर रमजान का महीना खत्म होने पर मनाई जाती है। इस बार शुक्रवार या शनिवार ईद मनाए जाने की उम्मीद है।
एक ग्राहक निसार हुसैन ने कहा, "ईद की तैयारियां जारी हैं, लेकिन बारिश ने उत्साह में बाधा डाली है। पिछले साल की तुलना में बाजार में भीड़ नहीं है।"
उन्होंने कहा कि शहर में बड़े पैमाने पर जारी निर्माण कार्यों के चलते भी कम लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं।
हुसैन ने कहा, "अगर आप देखें तो स्मार्ट सिटी निर्माण कार्य के कारण भी लोग नहीं आ रहे। इससे ईद की खरीदारी पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।"
एक दुकानदार इम्तियाज अहमद भट ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए।
भट ने कहा, "इस साल हमें ईद की पूर्व संध्या पर कोई भीड़ नहीं दिख रही है। पहले स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े कार्यों और अब बारिश ने ईद की खरीदारी को प्रभावित किया है।"
उन्होंने कहा कि आम तौर पर ईद से पहले दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रहती है।
उन्होंने कहा, "आमतौर पर हमारे पास सांस लेने तक का समय नहीं होता है, लेकिन इस साल हम बेकार बैठे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल 50 फीसदी (कारोबार) भी नहीं हुआ है।"
एक अन्य दुकान के मालिक शब्बीर अहमद भट ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले कुछ दिन में मौसम बेहतर रहेगा।
दुकानदार फराह जैनब ने भी कहा कि बारिश के कारण खरीदारी में बाधा आई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY