लखनऊ, 25 जून अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले की सुनवाई कर रही विशेष सीबीआई अदालत ने बृहस्पतिवार को प्रकरण के दो अन्य अभियुक्तों जय भगवान गोयल और अमरनाथ गोयल के बयान दर्ज किए।
अदालत ने मामले के एक अन्य आरोपी को अपना बयान दर्ज करने के लिए शुक्रवार को न्यायालय में हाजिर होने को कहा है। न्यायालय ने कहा कि पांडे की हाजिरी माफी की अपील किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती।
यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश: मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत.
जय भगवान और अमरनाथ अपने अपने वकीलों के साथ अदालत में हाजिर हुए। दोनों से तकरीबन एक 1000 सवाल पूछे गए जिनका उन्होंने जवाब दिया।
अभियुक्तों के वकील विमल श्रीवास्तव ने बताया कि जय भगवान और अमरनाथ दोनों ने ही तमाम आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक कारणों से बेवजह फंसाया जा रहा है।
यह भी पढ़े | वाराणसी के लंगड़ा आम के बाद अब काला चावल बढ़ाएगा विदेशियों का जायका, ऑस्ट्रेलिया होगा निर्यात.
इन दोनों अभियुक्तों ने पूर्व में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए बयान दर्ज करने का विकल्प चुना था लेकिन आज वे दोनों अदालत में हाजिर हुए।
विशेष सीबीआई अदालत अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत अब तक 32 में से 17 आरोपियों के बयान दर्ज कर चुकी है। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह तथा भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती का बयान भी दर्ज होना बाकी है। अनेक आरोपियों ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अपना बयान दर्ज कराने को कहा है।
मालूम हो कि सीबीआई की विशेष अदालत उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार आगामी 31 अगस्त तक बाबरी विध्वंस मामले की सुनवाई पूरी करने के लिए रोजाना बयान दर्ज कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY