देश की खबरें | बाबसाहेब आंबेडकर का अपमान छोटी भूल नहीं: राजनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा बाबासाहेब आंबेडकर का ‘अपमान’ किया जाना ‘कोई छोटी गलती’ नहीं है और यह ‘दलितों के प्रति अनादर की मानसिकता’ को दर्शाता है।
पटना, दो जुलाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा बाबासाहेब आंबेडकर का ‘अपमान’ किया जाना ‘कोई छोटी गलती’ नहीं है और यह ‘दलितों के प्रति अनादर की मानसिकता’ को दर्शाता है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने यह टिप्पणी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में की। यह बैठक बिहार में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आयोजित की जा रही है।
सिंह ने कहा, ‘‘लालू प्रसाद ने अपने पैरों के पास बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीर रखवाई थी। यह कोई छोटी गलती नहीं थी, बल्कि (यह) दलितों के प्रति अनादर की मानसिकता को दर्शाती है... बिहार को उन लोगों ने धोखा दिया है, जो समाजवाद की आड़ में अपने सामंती रवैये को छिपाते रहे हैं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री प्रसाद उस वीडियो क्लिप को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं, जिसमें आंबेडकर की तस्वीर उनके पैरों के पास देखी गई थी। यह उस दिन की घटना है जब लोग राजद प्रमुख को 78वें जन्मदिन पर बधाई देने उनके आवास पर आए थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले महीने सीवान जिले में एक रैली में राजद सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें ‘‘बिहार और देश के लोग कभी माफ नहीं करेंगे’’। हालांकि राजद ने स्पष्टीकरण दिया था कि तस्वीर एक समर्थक के हाथ में थी और भ्रम की स्थिति के लिए ‘कैमरे के कोण’ को जिम्मेदार ठहराया था।
इससे पहले, भाजपा बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बैठक शुरू होने से पहले कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का अपमान करने के कारण लालू प्रसाद के खिलाफ पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि एक घंटे से अधिक लंबा भाषण दिया। उन्होंने प्रसाद पर ‘‘कर्पूरी ठाकुर का शिष्य होने का दावा करने’’ लेकिन निजी तौर पर उनके (ठाकुर के) खिलाफ अपमानजनक का इस्तेमाल करके अपनी दोहरी मानसिकता प्रदर्शित करने का आरोप लगाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

