देश की खबरें | लखनऊ स्‍नातक खंड से अवनीश सिंह जीते, 11 में छह सीटों पर भाजपा का कब्‍जा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, पांच दिसंबर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्‍नातक क्षेत्र का रविवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी 11 सीटों की तस्‍वीर साफ हो गई है जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा को छह सीटें मिली हैं ।

खंड शिक्षक और खंड स्‍नातक क्षेत्र की छह सीटें भाजपा के खाते में गयी है जबकि तीन सीटें समाजवादी पार्टी (सपा) के खाते में गई हैं। दो सीटों पर निर्दलियों ने कब्‍जा जमाया है।

यह भी पढ़े | Bharat Bandh on 8th Dec: किसानों के आंदोलन को ITTA और दिल्ली गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन का मिला समर्थन, कहा-भारत बंद में होंगे शामिल.

खंड स्नातक कोटे से पांच निर्वाचन क्षेत्रों में संपन्न हुए चुनावों में सपा ने दो जबकि तीन सीटों पर भाजपा को जीत मिली है।

चुनाव परिणाम शुक्रवार देर रात से आने शुरू हुए और रविवार शाम तक मतगणना संपन्‍न हुयी ।

यह भी पढ़े | Bharat Bandh on 8 December: किसानों को मिला आप का समर्थन, गोपाल राय बोले- देश के सभी नागरिक भारत बंद का करें सपोर्ट.

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि लखनऊ खंड स्‍नातक क्षेत्र से भाजपा के अवनीश कुमार सिंह चुनाव जीत गये हैं। इसके पहले शनिवार को आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के ही मानवेंद्र सिंह 'गुरु जी' और मेरठ स्नातक क्षेत्र से भाजपा के दिनेश गोयल ने जीत हासिल की। वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र से सपा के आशुतोष सिन्हा और झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक क्षेत्र से सपा के मान सिंह यादव ने जीत दर्ज की।

वाराणसी और झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक क्षेत्र में सपा ने भाजपा के कब्ज़े वाली सीटें हासिल की हैं, जबकि आगरा खंड स्नातक क्षेत्र की सीट सपा को गंवानी पड़ी है। मेरठ स्नातक सीट पर पिछले चार बार से निर्दलीय (शिक्षक दल) हेम सिंह पुंडीर जीतते आ रहे थे जिनका वर्चस्व खत्म हो गया। लखनऊ खंड स्नातक सीट पर पिछली बार निर्दलीय कांति सिंह जीती थी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने रविवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में सभी सीटों पर मतगणना पूरी हो गई और परिणाम घोषित कर दिये गये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)