मुंबई, 30 अगस्त महाराष्ट्र सचिवालय (मंत्रालय) की पहली मंजिल पर लगाये गये सुरक्षा जाल पर चढ़कर प्रदर्शन करने के मामले में मुंबई पुलिस ने 11 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, वर्धा बांध परियोजना के लिए अधिग्रहीत जमीन के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शनकारियों का एक समूह मंत्रालय की पहली मंजिल पर लगाए गए सुरक्षा जाल पर चढ़ गया।
विरोध के बाद पुलिस ने कम से कम 40 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, ये सभी अमरावती जिले के मोर्शी के रहने वाले हैं।
अधिकारी ने कहा कि उनमें से 11 के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश), धारा 143 (गैरकानूनी रूप से एकत्र होना) और धारा 309 (आत्महत्या का प्रयास) समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश होने का नोटिस देने के बाद जाने की इजाजत दे दी गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY