देश की खबरें | मुझ पर और प्रोफेसर एसोसिएशन के सदस्यों पर हमले सुनियोजित: ब्रात्य बसु

कोलकाता, दो मार्च यादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में वामपंथी छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु को घेर लिए जाने के एक दिन बाद, मंत्री ने रविवार को दावा किया कि उन पर और तृणमूल कांग्रेस की प्रोफेसर शाखा के सदस्यों पर हमले सुनियोजित थे।

एक बंगाली टीवी चैनल से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि वहां काफी अराजकता थी और ‘40-50 छात्रों के एक गिरोह’ ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए, जिसके कारण वह और कार चालक घायल हो गए।

बसु ने दावा किया कि छात्रों के शोरगुल भरे प्रदर्शन के चलते यादवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति यहां परिसर में पुलिस लेकर आना चाहते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कुछ छात्र प्रतिनिधियों से बात करने के लिए तैयार था और उनसे कहा गया कि वे अपने प्रतिनिधि का चयन करें, क्योंकि मैं बातचीत के लिए एक समय में 40-50 लोगों से नहीं मिल सकता। लेकिन वे बात नहीं करना चाहते थे।’’

मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्र उनकी कार की बोनट पर चढ़ गए।

बसु ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे उनकी संख्या बढ़ती गई, वे और अधिक आक्रामक होते गए। कार के शीशे तोड़ दिए गए, जिसकी वजह से मेरी कार का चालक घायल हो गया। वह घबरा गया और वह वाहन चलाने लगा। इससे पहले तीन घंटे से अधिक समय तक गाड़ी को रोक रखा गया था। यह एक सुनियोजित हमला था।’’

मंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि एक प्रदर्शनकारी छात्र उनकी कार के टायरों से घायल हो गया।

उन्होंने कहा, ‘‘आप कह सकते हैं कि मुझे और कुछ घंटे इंतजार करना चाहिए था। अगर उन्होंने मुझे घंटों तक घेरा होता, तो मैं और अधिक धैर्य दिखाता...पश्चिम बंगाल कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रोफेसर संघ (डब्ल्यूबीसीयूपीए) के कई सदस्यों पर हमला किया गया। लेकिन एक युवा लड़के को चोट लगना दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वह यादवपुर विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराने के मुद्दे पर जल्द से जल्द मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)