देश की खबरें | झारखंड के पूर्व विधायक पर हमला : एनआईए ने 14 लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया

रांची, एक जनवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अधिकरण (एनआईए) ने झारखंड विधानसभा के पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्य गुरुचरण नायक पर पिछले साल जनवरी में हुए नक्सली हमले के सिलसिले में 14 लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। पूर्व विधायक पर हुए हुए हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

आंतकवाद-रोधी संघीय एजेंसी के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि आरोप पत्र यहां एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष शनिवार को दाखिल किया गया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- माओवादी (भाकपा- माओवादी) के सदस्यों के एक सशस्त्र समूह ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा पुलिस थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक पर हमला किया था, लेकिन वह बाल-बाल बच गए थे। हालांकि, इस हमले में उनके दो अंगरक्षकों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल हुआ था। माओवादी पुलिसकर्मियों का हथियार लूटकर मौके से फरार होने में सफल रहे थे।

इस मामले में सबसे पहले पांच जनवरी 2022 को गोइलकेरा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में 30 जून 2022 को एनआईए ने दोबारा प्राथमिकी दर्ज की।

एनआईए प्रवक्ता ने बताया, ‘‘जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी भाकपा (माओवादी) के सदस्य हैं और वे उस बैठक में शामिल हुए थे, जिसमें नायक पर हमले की साजिश रची गई थी। वे उस अपराध में भी शामिल रहे, जिसमें पुलिसकर्मियों की मौत हुई और उनके हथियार लूटे गए।’’

एनआईए ने बताया कि जांच में जानकारी मिली कि आरोपी उग्रवादी गतिविधियों के लिए युवकों की भर्ती करने और प्रशिक्षिण शिविर चलाने में भी संलिप्त हैं।

प्रवक्ता ने आरोप पत्र में बतौर आरोपी नामजद लोगों की पहचान झारखंड निवासी प्रधान कोराह उर्फ ‘मंत्री’, श्रीराम तुबिद उर्फ ‘श्रीराम’, शैलेंद्र बहांदा उर्फ ‘देवन’, पूसा लुगुन, सुनिया सुरीन, मंगल सिंह दिग्गी, रंगिया लुगुन, कुजारी केराई, मंगल सिंह लुगुन उर्फ ‘विक्रम’, किश्मत कोराह, मिसिर बेसरा उर्फ ‘सागर दा’ उर्फ ‘भास्कर दा’ उर्फ ‘दिवाकर दा’ उर्फ ‘सुनीरमल, सुशांत दा उर्फ ‘अनमोल’ उर्फ ‘समर जी’ उर्फ ‘लालचंद हेमब्रोन’ और छत्तीसगढ़ निवासी समीर उर्फ ‘लालू मोडियाम’ और अश्विन उर्फ ‘लच्छू कोरसा’ के तौर पर की है।

अधिकारियों ने बताया कि इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता, गैर-कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम और शस्त्र कानून के तहत आरोप लगाए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)