देश की खबरें | असम पंचायत चुनाव : मतों की गिनती जारी, रूझानों में भाजपा भारी जीत की ओर

गुवाहाटी, 12 मई असम में पंचायत निकायों के लिए मतदान होने के बाद सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी मतगणना जारी है और रुझानों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बड़ी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद पहली बार असम के 27 जिलों में दो और सात मई को दो चरणों में पंचायत चुनाव हुए। दोनों चरणों के लिए मतपत्रों से डाले गए मतों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई।

असम राज्य निर्वाचन आयोग (एएसईसी) के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने आंचलिक पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों की 242 सीट पर जीत हासिल की है, जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद (अगप) को अब तक 30 सीट मिली हैं।

आंकड़ों के मुताबिक विपक्षी कांग्रेस ने 34 सीट हासिल की हैं, एक-एक सीट रायजोर दल और ऑल इंडिया यूनाइटेड फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने जीती है तथा 14 सीट निर्दलीय उम्मीदवारों के खातों में गई हैं।

एएसईसी के आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद में भाजपा ने 26 सीट जीती हैं जबकि उसकी सहयोगी अगप तीन सीट पर विजयी हुई है। जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में अभी तक किसी अन्य पार्टी ने अपना खाता नहीं खोला है।

इनके साथ ही, ग्राम पंचायत की हजारों सीट के परिणाम भी घोषित किए गए हैं, लेकिन ये सभी निर्दलीय हैं क्योंकि उम्मीदवारों को पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं थी।

आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘मतगणना कल सुबह से ही लगातार जारी है। विभिन्न लोगों और टीम ने परिणाम घोषित करने के लिए पूरी रात काम किया। हमें उम्मीद है कि अंतिम परिणाम कल तक आ जाएंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)