देश की खबरें | असम विधानसभा : विपक्षी एआईयूडीएफ के सभी विधायक निलंबित

गुवाहाटी, चार मार्च असम विधानसभा से मंगलवार को विपक्षी ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के सभी विधायकों को 10 मिनट के लिए निलंबित कर दिया गया, जबकि अन्य सदस्यों को भी विभिन्न मुद्दों पर अलग-अलग अवधि के लिए निलंबित किया गया।

विधानसभा की कार्यवाही भी दिन में विभिन्न मुद्दों पर दो बार स्थगित की गई।

एआईयूडीएफ स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल द्वारा बंगाली भाषी मुसलमानों के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की मांग पर अड़ी रही जिसके बाद उपध्याक्ष नुमाल मोमिन ने उसके सभी सदस्यों को निलंबित कर दिया।

सदन की कार्यवाही अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी क्योंकि एआईयूडीएफ सदस्यों ने उनके द्वारा प्रस्ताव को अस्वीकार करने के बाद भी इसे पारित करने की मांग करते हुए हंगामा किया।

सदन की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई, तब भी एआईयूडीएफ सदस्य अपनी मांग पर अड़े रहे। उस समय पीठासीन सभापति मोमिन ने उनसे सीट पर बैठने का अनुरोध किया व मुद्दे को प्रासंगिक प्रावधानों के तहत उठाने को कहा क्योंकि उक्त मामले में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव नहीं दिया जा सकता था।

जब एआईयूडीएफ विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे तो मोमिन ने पार्टी के सभी सदस्यों को 10 मिनट के लिए निलंबित करने का आदेश दिया।

मोमिन ने बाद में निर्दलीय विधायक अखिल गोगोई को पूरे दिन के लिए निलंबित कर दिया, क्योंकि उन्होंने अपने प्रस्ताव को अध्यक्ष द्वारा वापस लेने के लिए कहने के बावजूद ऐसा नहीं किया और मामले पर मत विभाजन की मांग जारी रखी।

गोगोई ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए एक प्रस्ताव पेश किया था, जिसे उपाध्यक्ष ने ध्वनिमत से खारिज कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)