देश की खबरें | असम में सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल

कोकराझार (असम), 26 मई असम के कोकराझार जिले में एक लड़की से सामूहिक दुष्कर्म में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया एक व्यक्ति बृहस्पतिवार को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस एस पानेसर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर सोमवार की रात को लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था । पुलिस उसे उस स्थान पर लेकर जा रही थी, जहां उसने मोबाइल फोन छिपा रखा था, जिससे उसने दुष्कर्म का वीडियो बनाया था।

उन्होंने बताया कि जब वे धोलमारा रानीपुर टी गार्डन के पास पहुंचे तो आरोपी उस जगह को दिखाते हुए अचानक मुड़ा और एक पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्तौल छीन कर पुलिस दल पर गोली चलाने की कोशिश की। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने स्थिति को काबू में करने के लिए आरोपी पर तत्काल गोली चलायी जो उसके दाएं पैर में लगी।

एएसपी ने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए कोकराझार सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोकराझार पुलिस थाने में 16 वर्षीय लड़की के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि तीन युवकों ने धोलमारा गांव में सोमवार की रात को उनकी बेटी से तब दुष्कर्म किया जब वह किराने की दुकान से लौट रही थी।

पुलिस ने शुरुआत में दो लोगों को गिरफ्तार किया और अगले दिन तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता तथा बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया हे।

हेमंत बिस्व सरमा सरकार के पिछले साल मई में सत्ता में आने के बाद से पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश करने या पुलिसकर्मियों पर हमला करने की स्थिति में पुलिस कार्रवाई में कम से कम 47 लोगों की मौत हो गयी है और 115 घायल हो गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)