गुवाहाटी, 19 सितंबर असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने मंगलवार को सिंगापुर के ली कुआन यू स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को दी गई फेलोशिप को “वापस लेने” का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता “भारतीय राजनीति में जो कुछ भी गलत है, उसके पक्ष में खड़े हैं”।
संस्थान के डीन को लिखे एक खुले पत्र में बोरा ने कहा कि वह “हैरान” थे कि सिंगापुर के पहले प्रधानमंत्री के नाम पर दी जाने वाली ‘ली कुआन यू एक्सचेंज फेलोशिप’ शर्मा को प्रदान की गई है।
भाजपा नेता यह सम्मान पाने वाले असम के पहले मुख्यमंत्री बने। यह फेलोशिप व्यक्तियों को उनके राष्ट्र के विकास और सिंगापुर के साथ द्विपक्षीय संबंधों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान की जाती है।
पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि यह सम्मान राज्य के मुख्यमंत्री का है, किसी पार्टी नेता का नहीं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सकारात्मक घटनाक्रम में भी नकारात्मकता ढूंढने की कोशिश करते हैं।
बोरा ने अपने खुले पत्र में इस बात पर प्रकाश डाला कि सिंगापुर के संस्थापक प्रधानमंत्री ली कुआन यू एक अनुकरणीय राजनेता थे जिन्होंने जीवन भर ईमानदारी, कड़ी मेहनत और शिष्टता का प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता ने पत्र में दावा किया, “दूसरी ओर, हिमंत विश्व शर्मा उन सभी चीजों के विपरीत उदाहरण पेश करते हैं जिनके लिए ली कुआन यू खड़े थे। वास्तव में, वह भारतीय राजनीति में जो कुछ भी गलत है, उसके पक्ष में खड़े हैं।”
विभिन्न समाचार खबरों का हवाला देते हुए, बोरा ने आरोप लगाया कि शर्मा “कई वित्तीय घोटालों के आरोपी” हैं और “अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्यधिक सांप्रदायिक बयान” देते हैं।
बोरा के पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता रूपम गोस्वामी ने कहा कांग्रेस नेता को इस बात पर गर्व होना चाहिए था कि उनके राज्य के मुख्यमंत्री को सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “वह (शर्मा) भाजपा से हो सकते हैं, लेकिन यह फेलोशिप मुख्यमंत्री के लिए है, किसी पार्टी सदस्य के लिए नहीं। भूपेन बोरा एक नकारात्मक व्यक्ति हैं और सकारात्मक विकास में भी नकारात्मक चीजों को खोजने की कोशिश करते हैं।”
इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया जैसी भारतीय हस्तियों को यह फेलोशिप मिल चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY