देश की खबरें | असम के मुख्यमंत्री ने बिजली के बढ़े हुए बिलों के लिए माफी मांगी

गुवाहाटी, 22 जून असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बिजली के "बढ़े हुए" बिलों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए खुद एक शिकायतकर्ता के मामले पर गौर किया और "असुविधा" के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

सरकार द्वारा संचालित असम बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (एपीडीसीएल) के एक उपभोक्ता ने हाल ही में ट्विटर पर शर्मा और उनके कार्यालय को टैग कर उच्च मासिक बिल के बारे में शिकायत की थी।

उपभोक्ता ने ट्वीट किया, "हमें जून में एक किलोवाट लोड के बावजूद एपीडीसीएल की ओर से 44,000 रुपये का बिल मिला है, जिसको लेकर हम हैरान हैं। शिकायत करने पर यह घटकर 21000 रुपये हो गया।"

मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि वह "तुरंत" मुद्दे की जांच करेंगे।

उन्होंने कहा कि बाद में मीटर रीडिंग को ‘ईसुविधा’ के तहत सही कर दिया गया।

उन्होंने कहा, “हालांकि यह रीडिंग लेने में हुई गलती का मामला है। श्री दिलीप राखोवा नामक मीटर रीडर ने ज्यादा बिल बना दिया। मामला सामने आया कि मीटर रीडर ने वास्तविक खपत के आधार पर बिल तैयार नहीं किया था। इसके परिणामस्वरूप आपको बढ़ा हुआ बिल मिला। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।”

असम में एपीडीसीएल उपभोक्ता हाल के महीनों में प्रीपेड 'स्मार्ट मीटर' लगने के बाद "बढ़े हुए" बिलों के बारे में शिकायत कर रहे हैं।

बिजली विभाग ने कहा है कि मीटर खराब नहीं हैं और पिछले बकाया के समायोजन के बाद एक या दो महीने में सामान्य मासिक शुल्क लगाया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)