ताजा खबरें | अरुणाचल के मुख्यमंत्री ने भूस्खलन और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए बैठक की

ईटानगर, 11 जुलाई अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राज्य में बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का आकलन करने के लिए बृहस्पतिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई।

मुख्यमंत्री ने बैठक में विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित जिलों में सड़क संपर्क को शीघ्र बहाल करने के महत्व पर बल दिया।

उन्होंने कहा, "बाढ़ और भूस्खलन के कारण टूटी सड़कों की शीघ्र मरम्मत आवश्यक सेवाओं और सहायता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।"

खांडू ने सुदूर कुरुंग कुमेय जिले में पारसी-पार्लो से कोलोरियांग तक महत्वपूर्ण सड़क संपर्क को तत्काल बहाल करने के लिए विशेष धनराशि आवंटित की, जिसमें कुमेय नदी पर पुल भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बहाल करने के लिए योजना तैयार की जानी चाहिए और बिना किसी देरी के क्रियान्वित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुंग कुमेय क्षेत्र और लगातार बारिश के कारण कट गए अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों में संपर्क बहाली का काम तत्काल शुरू होना चाहिए।

खांडू ने संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों में समय पर दवाइयां और खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री को कुरुंग कुमेय जिला प्रशासन द्वारा दामिन रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए पुनः खोलने के प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और बाढ़ के कारण कई दिनों से सड़क संपर्क टूटा हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)