देश की खबरें | अरुणाचल से भाजपा विधायक को दुष्कर्म मामले में अग्रिम जमानत

ईटानगर ,27 जुलाई गुवाहाटी उच्च न्यायालय की ईटानगर पीठ ने अरुणाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक लोकाम तासर को दुष्कर्म के मामले में अग्रिम जमानत प्रदान की।

एक महिला ने ईटानगर के महिला पुलिस थाने में कोलोरिंयांग विधानसभा क्षेत्र से विधायक तासर के खिलाफ 12 जुलाई को दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।

विधायक को 50,000 रूपये के जमानती बांड पर मंगलवार को अग्रिम जमानत दी गई। मामले की अगली सुनवाई 22 अगस्त को होगी। अदालत ने उस दिन पूरी केस डायरी पेश करने को कहा है।

गवाहों के बयान, आरोपी और महिला के बीच हुई बातचीत के ब्योरे और मामले के जांच अधिकारी के यह बताने पर कि केवल आरोपी के बयान दर्ज होने बाकी हैं, के आधार पर अग्रिम जमानत दी गई।

सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील ने अपनी दलील में कहा कि ‘‘केस डायरी में जांच अधिकारी ने स्पष्ट दिखाया है कि इस चरण में प्रथम दृष्टया आरोपी के खिलाफ कोई मामला नहीं है।’’

आरोपी के वकील ने कहा कि विधायक और महिला के बीच सहमति से संबंध बने थे और चूंकि विधायक ने महिला द्वारा मांगे गए 50 हजार रुपये नहीं दिए इसलिए महिला ने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए हैं।

वहीं, सरकारी वकील ने जमानत याचिका का यह कहते हुए विरोध किया कि जांच अभी भी चल रही है और आरोपी के बयान चूंकि अभी दर्ज किए जाने बाकी हैं इसलिए मामला लंबित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)