पुंछ/जम्मू, 21 अप्रैल सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवादी हमले में शहीद हुए पांच जवानों को शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि पुंछ में बृहस्पतिवार को एक आतंकवादी हमले के बाद सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवान शहीद हो गए थे, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था।
सभी जवान 'राष्ट्रीय राइफल्स' की एक इकाई से थे और 'आतंकवाद विरोधी अभियानों' के लिए तैनात थे।
अधिकारियों ने बताया कि राजौरी में एक सैन्य शिविर में आयोजित एक समारोह में, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) सहित वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
एक अधिकारी ने कहा, "राष्ट्र हमेशा सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए हमारे बहादुरों का ऋणी रहेगा।"
उन्होंने बताया कि पुष्पांजलि समारोह के बाद ओडिशा के अलगुम सामी गांव से लांस नायक देबाशीष के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि लुधियाना के चानकोइयां गांव के हवलदार मनदीप सिंह, मोगा के चारिक गांव के लांस नायक कुलवंत सिंह, गुरदासपुर के तलवंडी गांव के सिपाही हरकिशन सिंह और पंजाब के बाघा गांव के सिपाही सेवक सिंह के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेजा जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY