चेन्नई, 13 सितंबर संगीतकार ए.आर रहमान के 10 सितंबर को यहां हुए संगीत कार्यक्रम के दौरान लोगों को हुई परेशानी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह बात कार्यक्रम के आयोजक ‘एसीटीसी इवेंट्स’ ने बुधवार को कही।
कंपनी के संस्थापक और सीईओ हेमंत ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक वीडियो साझा कर अपील की कि सोशल मीडिया पर रहमान को निशाना नहीं बनाया जाए, क्योंकि रविवार को लोगों को हुई परेशानी की जिम्मेदारी एसीटीसी लेता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन लोगों को टिकट होने के बावजूद कार्यक्रम में प्रवेश नहीं मिला, उन्हें उनके टिकट का पैसा वापस किया जाएगा।
हेमंत ने लोगों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगते हुए कहा, “ रहमान को सुनने के इच्छुक लोगों को मंत्रमुग्ध करने के लिए हमने सभी इंतजाम किए थे। उसके (परेशानियों के) लिए क्षमा करें। एसीटीसी इस मामले में जिम्मेदारी लेता है।”
उन्होंने कहा कि रहमान की भूमिका प्रस्तुति देने तक की थी और उन्होंने वो किया।
रहमान का 10 सितंबर को हुआ ‘मराक्कुमा नेंजम’ (क्या दिल भूल सकता है) कार्यक्रम कुप्रबंधन, व्यस्त ईस्ट कोस्ट रोड पर यातायात जाम, टिकट होने के बावजूद लोगों को कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश नहीं देने और महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विवादों में है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY