जरुरी जानकारी | एप्पल की अनुबंधित इकाइयां भारत में रोजगार करेंगी दोगुनाः सूत्र

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल भारत में अपने लिए कलपुर्जे बनाने वाली अनुबंधित इकाइयों में रोजगार की संख्या दोगुनी कर दो लाख कर सकती है।

सरकारी सूत्रों ने कहा कि एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी टिम कुक ने भारत में कलपुर्जों की आपूर्ति करने वालों का आधार बढ़ाने में सरकार से समर्थन मांगा है।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘एप्पल ने भारत में एक लाख नौकरियां सृजित की हैं। बातचीत के आधार पर, हमारा मानना है कि वे जल्दी ही रोजगार का आधार दोगुना करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि देश में निवेश को बढ़ावा देने के लिये कुक के पास दीर्घकालिक नीति है।

सूत्र ने कहा, ‘‘कुक ने कंपनी की जरूरतों के हिसाब से भारतीय कार्यबल को हुनरमंद बनाने के लिये भी समर्थन मांगा है।’’ इस पर सरकार ने एप्पल से जरूरी कौशल निर्धारित करने को कहा ताकि उसके लिए सुविधा मुहैया कराई जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)