देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में स्‍वार विधानसभा सीट पर उपचुनाव में अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी जीते

रामपुर/ लखनऊ, 13 मई उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी के आखिरी गढ़ को तोड़ते हुए सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने शनिवार को स्‍वार विधानसभा उपचुनाव में 8,724 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी ने उपचुनाव में कुल मतदान का 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किया।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, स्‍वार विधानसभा सीट पर उपचुनाव में अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी ने सपा प्रत्याशी अनुराधा चौहान को 8724 मतों से हराया।

अपना दल (एस) के अंसारी को 68,630 वोट मिले जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी तथा सपा उम्मीदवार अनुराधा चौहान को 59,906 मत मिले।

इस महीने की 10 तारीख को स्वार विधानसभा उपचुनाव में 1.35 लाख से ज्यादा वोट पड़े थे । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने इस सीट से उम्मीदवार नहीं उतारे थे।

जीत दर्ज करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अंसारी ने कहा कि यह जीत भाजपा और अपना दल (सोनेलाल) पार्टी के कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास और कड़ी मेहनत का परिणाम है ।

विधानसभा उपचुनावों में पार्टी की सहयोगी पार्टी की जीत की सराहना करते हुए, रामपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने पीटीआई- से कहा, "जिस आदमी को वोट देने का अधिकार नहीं है, उस आदमी को जनता के फैसले को देखते हुए, ये देश छोड़ देना चाहिए, और यहां नहीं नहीं रहना चाहिए। यहां नफरत की राजनीति नहीं चलेगी। आजम खान ने हमेशा यहां हिंदू-मुस्लिम के बीच में खाई पैदा करने का काम किया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)