देश की खबरें | केरल के अथिरापिल्ली वन में एंथ्रेक्स बीमारी फैली, जिला प्रशासन ने कहा: चिंता की कोई बात नहीं

त्रिशूर/तिरुवनंतपुरम, 30 जून केरल के अथिरापिल्ली वन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में एंथ्रेक्स संक्रमण के कारण कई जंगली सूअरों की मौत हो जाने के बाद त्रिशूर की जिलाधिकारी वी. कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है।

कुमार ने मीडियाकर्मियों से कहा कि क्षेत्र के मवेशियों समेत पालतू जानवरों में अभी इस बीमारी के लक्षण नजर नहीं दिखे हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के जानवरों से इंसान में पहुंचने की आशंका बहुत क्षीण है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए किसी तरह की चिंता या डर की जरूरत नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि फिर भी सावधानी के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है तथा एहतियात के तौर पर क्षेत्र में मवेशियों के लिए टीकाकरण अभियान चल रहा है।

इस बीच, राज्य के वनमंत्री ए. के. सशिंद्रम ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं द्वारा इस मुद्दे पर पूछे गये एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस मामले को स्वास्थ्य के साथ ही पशुपालन विभाग गंभीरता से ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि त्रिशूर की जिलाधिकारी ने एंथ्रेक्स के चलते जंगली सुअरों की मौत की खबर मिलने पर तत्काल जिलास्तर पर एक बैठक बुलायी जिसमें वह और राज्य के राजस्व मंत्री के. राजन ऑनलाइन शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थिति पर नियमित रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

इससे पहले, जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई- से कहा था कि मवेशियों के टीकाकरण जैसे एहतियाती कदम पशुपालन विभाग द्वारा उठाये जा रहे हैं, इसलिए बीमारी के फैलने को लेकर चिंतिंत होने की कोई जरूरत नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)