देश की खबरें | आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, कई मंत्रियों, अधिकारियों ने मनाया योग दिवस

विजयवाड़ा, 21 जून आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने बुधवार को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि योग स्वस्थ जीवन के लिए विज्ञान की एक कला है जो मन तथा शरीर के बीच सामंजस्य बनाने पर ध्यान केंद्रित करती है।

राज्यपाल ने राज भवन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया और कहा कि योग तनाव कम करता है।

राज भवन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नजीर ने कहा, ‘‘योग मन तथा शरीर के बीच सामंजस्य बनाने, शरीर को चुस्त बनाए रखने तथा तनाव कम करने में मदद करता है।’’

नजीर ने कहा कि योग प्रतिरक्षा बढ़ाने, आंतरिक ऊर्जा बढ़ाने और सभी उम्र के लोगों के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने जैसे कई फायदे देता है।

राज्यपाल नजीर, उनके विशेष मुख्य सचिव अनिल कुमार सिंघल, संयुक्त सचिव पी एस सूर्यप्रकाश और अन्य अधिकारियों ने इस मौके पर योग आसन तथा अन्य योग अभ्यास किए।

आयुष विभाग के कर्मी रामानंद और प्रवल्लिका ने योग की विभिन्न मुद्राएं करने के साथ साथ उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले लाभों के बारे में बताया।

इस दौरान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के विशेष मुख्य सचिव एम टी कृष्णा बाबू ने भी कुछ योगासन करते हुए अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योग सत्र में भाग लिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के भीमावरम, विशाखापटनम और अन्य इलाकों में कार्यक्रमों के आयोजन के साथ योग दिवस मनाया।

विशाखापटनम में विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने योग समारोह में हिस्सा लिया। संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान ने अनंतपुर जिले के लेपाक्षी में और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और आंध्र प्रदेश के सह-प्रभारी सुनील देवधर ने प्रकाशम जिले के ओंगोल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती प्रवीन पवार ने गोदावरी जिले के भीमावरम में लड़कियों के एक समूह के साथ योग दिवस मनाया।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भारत के एक प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी और पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2015 में मनाया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)