देश की खबरें | आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन ने राज्य के लंबित मुद्दों को लेकर मोदी, शाह और सीतारमण से मुलाकात की

नयी दिल्ली, पांच जुलाई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करके राज्य की विभिन्न लंबित परियोजनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ लगभग एक घंटे लंबी बैठक में रेड्डी ने राज्य के विभाजन, पोलावरम सिंचाई परियोजना, वाईएसआर कडपा जिले में इस्पात संयंत्र की स्थापना, नये मेडिकल कॉलेजों के लिए वित्तीय सहायता सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की।’’ उसने बैठक की एक तस्वीर भी पोस्ट की है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने काफी समय से लंबित पोलावरम सिंचाई परियोजना की निर्माण लागत बढ़कर 55,548.87 करोड़ रुपये होने की जानकारी भी मोदी को दी।

रेड्डी ने कहा कि काम में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार को 17,144 करोड़ रुपये की जरूरत है ताकि परियोजना का पहला चरण पूरा किया जा सके।

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यह भी अनुरोध किया कि केंद्र परियोजना के निर्माण के हिस्से के रूप में आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा खर्च की गई 1,310.15 करोड़ रुपये की राशि की प्रतिपूर्ति करे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)