देश की खबरें | ‘लंपी स्किन डिजीज़’ के बढ़ते प्रकोप के बीच पशुपालन मंत्री बुधवार को करेंगे जिला स्‍तरीय बैठक

जयपुर, दो अगस्‍त राज्‍य के अनेक जिलों में गोवंश पशुओं में ढेलेदार त्वचा रोग (लंपी स्किन डिजीज़) के प्रकोप को देखते हुए पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया बुधवार को एक जिला स्‍तरीय बैठक करेंगे।

सरकार के एक प्रवक्‍ता ने बताया कि पशुओं में इस रोग के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कटारिया तीन अगस्त को सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक करेंगे।

प्रवक्ता के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जालौर, बाड़मेर, सिरोही, जोधपुर, नागौर तथा बीकानेर जिलों में गौवंशीय पशुओं में फैल रही इस बीमारी को लेकर राज्य सरकार सतर्क है।

राज्य के पशुपालन मंत्री कटारिया ने सोमवार को जोधपुर जिले के फलौदी तथा आस-पास के क्षेत्रों में पंहुच कर स्थिति का जायजा लिया था।

कटारिया ने कहा था कि प्रभावित प्रत्येक जिले को जरूरी दवाएं खरीदने के लिए पहले ही एक-एक लाख रुपये और ‘पॉली क्लीनिक’ को 50-50 हजार रुपये जारी किए गए हैं। साथ ही कुछ जिलों को अतिरिक्त राशि दी जाएगी। बीमारी की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों पर नजर रखने के लिए राज्य स्तर के नोडल अधिकारी जिलों में भेजे जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्‍य के अनेक जिलों में पशु, खासकर गोवंश संक्रामक रोग ढेलेदार त्वचा रोग (लंपी स्किन डिजीज़) की चपेट में आ गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)