श्रीनगर, आठ मई जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सीमा पार से पाकिस्तानी सैनिकों की गोलाबारी के मद्देनजर जमीनी स्थिति के आकलन के लिए बृहस्पतिवार को राज्य के सीमावर्ती जिलों के उपायुक्तों के साथ बैठक की।
अब्दुल्ला ने बुधवार को नियंत्रण रेखा और सीमावर्ती क्षेत्रों में सरकार की तैयारियों का आकलन करने के लिए इसी तरह की एक बैठक की अध्यक्षता की थी।
अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए सीमावर्ती जिलों के उपायुक्तों के साथ आज एक और बैठक की। आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर देखभाल प्रदान करने के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और कर्मचारी जुटाए जा रहे हैं।
बुधवार को अब्दुल्ला ने कहा था, “सीमा/नियंत्रण रेखा क्षेत्रों में सुरक्षा और तैयारियों का आकलन करने के लिए एक बैठक आयोजित की गई। लोगों की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और किसी भी उभरती चुनौतियों का तत्काल जवाब सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।”
यह समीक्षा बैठक जम्मू-कश्मीर में नागरिक क्षेत्रों में पाकिस्तान की अंधाधुंध गोलाबारी की पृष्ठभूमि में की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY