देश की खबरें | सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए सभी प्रयास जारी:केंद्रीय मंत्री

उत्तरकाशी, 16 नवंबर केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि सिलक्यारा सुरंग में पिछले चार दिनों से फंसे 40 श्रमिकों को जल्द और सकुशल बाहर निकालने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन बचाव अभियान में दो- तीन दिन और लग सकते हैं।

सिलक्यारा पहुंचकर बचाव कार्यों का निरीक्षण करने के बाद सिंह ने संवाददाताओं को बताया, 'हमारी कोशिश है कि (मजदूरों को निकालने का) यह कार्य दो-तीन दिन में पूरा हो जाए । यह जल्दी भी हो सकता है लेकिन हम अधिक समयसीमा रख रहे हैं, क्योंकि अगर कोई रूकावट आ जाए तो उसे भी दूर किया जा सके ।'

उन्होंने कहा, 'हमारी प्राथमिकता है कि वे सुरक्षित रहें । हमारी प्राथमिकता है कि हम उन्हें जल्दी से जल्दी बाहर निकालें । इसके लिए सब तरह के प्रयास किए जा रहे हैं ।'

मंत्री ने कहा कि उन्होंने सुरंग में फंसे श्रमिकों से बातचीत की है । उन्होंने कहा कि वे सभी सकुशल हैं और उनका मनोबल ऊंचा है ।

उन्होंने कहा कि मजदूर सुरंग के ढहे हुए हिस्से और दो किलोमीटर लंबे इलाके के बीच फंसे हुए हैं जहां ऑक्सीजन, बिजली, पानी और खाने की लगातार आपूर्ति की जा रही है ।

क्षेत्र के आपदा के प्रति संवेदनशीलता के बारे में मंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल तक यह क्षेत्र स्थिर था लेकिन किसी कारणवश सुरंग का एक हिस्सा गिर गया ।

उन्होंने कहा कि ये पहाड़ नए और संवेदनशील हैं और 'एक बार बचाव अभियान पूरा हो जाए, तो इस सबके बारे में परीक्षण किया जाएगा ।'

यह पूछे जाने पर कि क्या सुरंग का हिस्सा ढहने के कारणों के बारे में उच्चस्तरीय जांच होगी, मंत्री ने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद इस पर विचार किया जाएगा ।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “बचाव अभियान के दौरान हमारे पास एक वैकल्पिक रणनीति भी है ।” उन्होंने कहा कि अगर किसी कारण से एक मशीन रूक गयी तो दूसरी काम करने लगेगी ।

उन्होंने कहा, 'भरोसा रखिए, हम बचाव अभियान को रूकने नहीं देंगे । '

सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें तथा सभी एजेंसियां काम में लगी हैं । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री से लेकर सभी एजेंसियां काम में लगी हैं ।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बचाव अभियान में विशेषज्ञता रखने वाले वैश्विक संगठनों के सुरंग तकनीकी विशेषज्ञों से भी लगातार विचार विमर्श किया जा रहा है ।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि खनन और रेलवे के विशेषज्ञों से भी विचार विमर्श किया जा रहा है ताकि मजदूरों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने के लिए सही तरीकों का प्रयोग किया जा सके ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)