जरुरी जानकारी | एलेम्बिक, अरबिंदो ने अमेरिकी बाजार से दवाएं वापस मंगायी

नयी दिल्ली, 21 अगस्त अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) ने कहा है कि एलेम्बिक फार्मास्यूटिकल्स और अरबिंदो फार्मा विनिर्माण संबंधी खामियों के कारण अमेरिकी बाजार से अपने विभिन्न उत्पाद वापस मंगा रहे हैं।

अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक की रिपोर्ट के अनुसार एलेम्बिक फार्मास्यूटिकल्स की अमेरिका स्थित सहायक कंपनी टोब्रामाइसिन ऑप्थेलमिक सॉल्यूशन की 82,400 बोतलें वापस मंगा रही है।

टोब्रामाइसिन ऑप्थेलमिक सॉल्यूशन का उपयोग आंख के जीवाणु संक्रमण के इलाज के लिए किया जाता है।

यूएसएफडीए ने कहा कि न्यूजर्सी स्थित एलेम्बिक फार्मास्यूटिकल्स इंक अपनी प्रभावित लॉट को वापस ले रही है। कंपनी ने इस साल 27 जुलाई को श्रेणी-तीन के तहत स्वैच्छिक वापसी की शुरुआत की थी।

यूएसएफडीए के अनुसार, श्रेणी-तीन के तहत दवा वापस मंगाने की शुरुआत ऐसी स्थिति में की जाती है, जिसमें संबंधित उत्पाद के उपयोग या उसके संपर्क में आने से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं होती है।

यूएसएफडीए ने कहा कि इसके अलावा अरबिंदो फार्मा की अमेरिका स्थित शाखा सीजीएमपी रुफिनामाइड टैबलेट की 48 बोतलें वापस ले रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)