नयी दिल्ली, 26 जून एयर फ्रांस ने जानकारी दी है कि तकनीकी खराबी की वजह से उसने पेरिस से टोरंटो की उड़ान रद्द कर दी और नए विमान की अनुपलब्धता की वजह से कई यात्री पेरिस हवाई अड्डे पर फंस गए हैं जिनमें भारत से संपर्क उड़ान के लिए गए यात्री भी शामिल हैं।
विमानन कंपनी ने ट्वीट किया कि इस स्थिति की वजह से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे खेद है और वह उन्हें उनके तय गंतव्य पर पहुंचाने के लिए यथासंभव कार्य कर रही है।
पेरिस हवाई अड्डे पर फंसे भारतीय यात्रियों की समस्या को रेखांकित करते हुए एक ट्विटर उपयोगकर्ता द्वारा किए गए सिलसिलेवार ट्वीट के जवाब में विमान कंपनी ने यह जानकारी दी।
कंपनी ने कहा, ‘‘हम पुष्टि करते हैं कि उड़ान संख्या एएफ356 तकनीकी समस्या और विमान की अनुपलब्धता की वजह से 24 जून 2023 को रद्द कर दी गई। यह उड़ान पेरिस के चार्ल्स डी गॉल हवाई अड्डे से टोरंटो जाने वाली थी।’’
इसने कहा, ‘‘कुछ लोगों के पास शेंगेन वीजा नहीं है और इसलिए उन्हें टर्मिनल इमारत छोड़ने की अनुमति नहीं दी गई। एयर फ्रांस की टीम उनकी देखभाल और अन्य सहायता कर रही है। उन्हें हवाई अड्डे के तय स्थान पर रहने की सुविधा प्रदान की गई है। एयर फ्रांस इस परिस्थिति की वजह से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करती है और यथाशीघ्र यात्रियों को उनके गंतव्य पर पहुंचाने के लिए काम कर रही है।’’
उल्लेखनीय है कि पेरिस में कार्य कर रही पत्रकार नूपुर तिवारी ने सिलसिलेवार ट्वीट में बताया कि मुंबई से उड़ान संख्या एफ217 से यात्री 23 जून को पेरिस आए थे और उन्हें एफ356 उड़ान से टोरंटो जाना था, लेकिन उक्त उड़ान रद्द कर दी गई।
उन्होंने पेरिस स्थित भारतीय दूतावास के हवाले से कहा, ‘‘दूतावास के अधिकारी एयर फ्रांस और हवाई अड्डे के अधिकारियों से बात करने जा रहे हैं ताकि सर्वमान्य समाधान निकाला सके।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY