देश की खबरें | रांची हवाई अड्डा पर एयर एशिया के विमान से पक्षी टकराया, उड़ान रोकी गई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, आठ अगस्त रांची से मुंबई के लिये शनिवार को एयर एशिया के एक विमान के उड़ान भरने के दौरान एक पक्षी के उससे टकरा जाने के कारण उड़ान रोक दी गई। एयरलाइन के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि यह घटना केरल के कोझिकोड हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान के रनवे से फिसल कर 35 फुट गहरी खाई में गिर जाने और उसके दो टुकड़े हो जाने के एक दिन बाद हुई। दुबई से आई उड़ान में 190 लोग सवार थे, जिनमें 18 लोगों की मौत हो गई।

यह भी पढ़े | मुंबई के धारावी में कोरोना के 8 नए मामले पाए गए, इलाके में कुल 83 केस एक्टिव: 8 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

रांची की घटना के बारे में एयर एशिया के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘ कंपनी के विमान वीटी-एचकेजी का परिचालन रांची से मुंबई के लिए उड़ान संख्या आई5-632 के तौर पर किया जा रहा था। आज, आठ अगस्त 2020 को उड़ान भरने के निर्धारित समय पूर्वाह्न 11 बज कर 50 मिनट के समय एक पक्षी इससे टकरा गया।’’

उन्होंने बताया कि पायलट ने उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी और मौजूदा समय में विमान का निरीक्षण किया जा रहा है।

यह भी पढ़े | Coronavirus in India: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट में सुधार जारी, देशभर में 14.2 लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक, मृत्यु दर 2.04 फीसदी.

प्रवक्ता ने बताया कि विमान को परिचालित करने की अनुमति मिलते ही इसके अपने गंतव्य के लिये उड़ान भरने का कार्यक्रम है।

हालांकि, बाद में प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को रांची से मुंबइ पहुंचाने के लिए कोलकाता से वीटी-जेआरटी विमान की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर कर्मियों द्वारा सभी यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया गया।

प्रवक्ता ने कहा,‘‘एयर एशिया इंडिया अपने अतिथियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है और उड़ान में देरी से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करती है।’’

बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि विमान से पक्षी के टकराने के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया है और उन्हें जलपान उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने बताया कि विमान को ‘बे’(विमान को खड़ा करने की जगह) में लाया गया और गहनता से जांच की गई।

शर्मा के मुताबिक दोपहर साढ़े तीन बजे विमान दोबारा उड़ान भरने को तैयार हुआ, लेकिन चिंगारी निकलने पर दोबारा ‘बे’ में लाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)