भोपाल/इंदौर/नीमच, छह सितंबर मध्य प्रदेश के नीमच जिले में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर हमले के एक दिन बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस को इस तरह के हथकंडों से आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी।
हालांकि, विपक्षी कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चीता प्रोजेक्ट की अव्यवहारिक योजना लादने से नाराज नीमच-मंदसौर इलाके की जनता का सरकार के खिलाफ गुस्सा निकल रहा है।
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा पर हमले के सिलसिले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है । उन्होंने दावा किया कि हमलावर कांग्रेस से जुड़े हैं।
चौहान ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनावों से पहले निकाली जा रही "जन आशीर्वाद यात्रा" के दौरान भाजपा को मिल रहा जन समर्थन देखकर कांग्रेस बौखला गई है।’’
उन्होंने कहा, "प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पत्थरों की बात पहले से कह रहे थे और उनकी यह बात कई संदेह पैदा करती है।"
मुख्यमंत्री ने कमलनाथ के "पत्थरों की बात" वाले कथित बयान का ब्योरा नहीं दिया।
चौहान ने कहा कि "जन आशीर्वाद यात्रा" पर मंगलवार रात हुए पथराव की जांच के निर्देश दिए गए हैं और इस घटना के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उन पर कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "..लेकिन मैं कांग्रेस से इतना ही कहना चाहता हूं कि उसे इस तरह के हथकंडों से सफलता नहीं मिलेगी। वे (कांग्रेस नेता) कुछ भी कर लें, भाजपा भारी बहुमत से आगामी विधानसभा चुनाव जीतेगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि सूबे की राजनीति हमेशा से शालीन रही है और कांग्रेस निचले दर्जे के हथकंडे न अपनाए।
देश के नाम को लेकर ‘‘भारत बनाम इंडिया’’ के विवाद पर चौहान ने कहा कि देश का नाम पहले से भारत है और हमेशा भारत ही रहेगा।
गृह मंत्री मिश्रा ने रीवा में संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा था कि मणिपुर की तरह मध्य प्रदेश में भी पथराव हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने नूंह (हरियाणा) हिंसा का उदाहरण देते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश में इसकी पुनरावृत्ति हो सकती है।
मिश्रा ने कहा, ‘‘वे (कमलनाथ एवं दिग्विजय) एक तरह से उकसाने का काम कर रहे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नीमच पथराव (घटना) में कांग्रेस से जुड़े खेमा गुर्जर सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ....और ये कांग्रेस से जुड़े हुए लोग हैं। अब कांग्रेस हताशा और निराशा की तरफ बढ़ रही है, तो स्वाभाविक रूप से इस तरह के हथकंडों का ही वह सहारा लेगी। प्रदेश की जनता को यह समझना चाहिए।’’
जन आशीर्वाद यात्रा के इस चरण की शुरुआत रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने सोमवार को नीमच से की थी।
पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह ने बताया, ‘‘यह घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे नीमच जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर रामपुरा क्षेत्र के रावली कुड़ी गांव में हुई। पुलिस ने घटना में कुल 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। अब तक भेरूलाल सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वीडियो के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि राजनीतिक नारों का भी वीडियो सामने आने के बाद जांच की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने बताया, ‘‘यात्रा पर हमले की वजह चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध भी बताया जा रहा है। वन विभाग चीता प्रोजेक्ट के तहत जंगल में बाड़ कर रहा है। ग्रामीणों के मवेशियों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीण भड़के हुए हैं।’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, ‘‘नीमच-मंदसौर इलाके में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर जनता का गुस्सा निकल रहा है। यह भाजपा सरकार पर अविश्वास का एक और उदाहरण है। इस क्षेत्र की जनता पर भाजपा सरकार चीता प्रोजेक्ट की अव्यवहारिक योजना लाद रही है। क्षेत्र के किसान और ग्रामीणों की जमीन बुरी तरह प्रभावित है, पशुओं की चरागाह छीन ली गई है। यह क्षेत्र गुस्से से धधक रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वहीं मुख्यमंत्री चौहान और भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर होकर जनभावनाओं की अनदेखी कर रहे हैं।’’
कमलनाथ ने लिखा, ‘‘मैं नीमच-मंदसौर इलाके की जनता के साथ हूं। मैं यह अन्याय नहीं होने दूंगा। मैं मुख्यमंत्री जी से मांग करता हूं कि हालात पर तुरंत संज्ञान लें। अव्यवहारिक चीता प्रोजेक्ट की वजह से जमीन से वंचित हो रहे पशुपालकों और किसानों को राहत दें। साथ ही क्षेत्र की जनता को मैं वचन देता हूं कि कांग्रेस सरकार आने पर हम इलाके के किसानों के हित में निर्णय करेंगे।’’
इस यात्रा में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि हमलावर 'जय-जय कमलनाथ' के नारे लगा रहे थे।
नीमच जिला भाजपा अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि ग्रामीणों की मांग को सरकार ने पहले ही स्वीकार कर लिया था और यह हमला राजनीतिक उद्देश्यों के साथ किया गया था।
पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में रामनगर पुलिस थान पर विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शर्मा ने कहा, ‘‘भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराए कांग्रेसियों ने यात्रा पर हमला कर रथ एवं अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की है।’’
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने एक्स पर लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी ने 18 वर्षों में जो कर्म किये है उसके परिणाम सामने आने लगे हैं। मनासा विधानसभा जिला नीमच के ग्राम रावलीकुड़ी में गांधी सागर वन अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट से नाराज़ किसानों ने जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध किया एवं "कार्यानुसार आशीर्वाद" दिया है।’’
भाजपा ने साल के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं से जुड़ने के लिए राज्य में पांच अलग-अलग स्थानों से जनसंपर्क अभियान के तहत जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY