देश की खबरें | ‘भुगतान’ को लेकर विवाद के बाद महिला के भाड़े के गुंडों ने उसी पर हमला किया, घर में तोड़फोड की

मलप्पुरम, 18 सितंबर एक महिला ने अलग हो चुके अपने बेटे की मोटरसाइकिल में आग लगाने के लिए जिन गुंडों को भाड़े पर लिया था, उन्होंने इस काम के लिए ‘भुगतान’ को लेकर विवाद के बाद कथित रूप से उसके (महिला के) घर पर ही पर हमला कर दिया और तोड़फोड़ की। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना शुक्रवार को उत्तरी केरल के मलप्पुरम जिले के मेलाटूर में हुई।

पुलिस ने बताया कि 48 वर्षीय नफीसा पर हमला करने और उनके घर में तोड़फोड़ करने के आरोप में तीन आरोपियों कजा हुसैन (39), नासिर (35) और महबूब (58) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी शिहाब (36) फरार है।

पुलिस के अनुसार, नफीसा ने करीब दो माह पहले गुंडों को भाड़े पर लिया था। पारिवारिक मुद्दों के चलते महिला ने अपने बेटे से वह बाइक वापस मांगी थी, जो उसने उसके लिये खरीदी थी। पुलिस ने बताया कि जब उसने इनकार कर दिया, तो महिला ने कथित तौर पर बाइक में आग लगाने का काम गुंडों को दिया।

इस मामले में पुलिस ने नफीसा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था।

पुलिस ने बताया, ‘‘अब, गुंडे जमानत पर बाहर हैं, ऐसा लगता है कि महिला द्वारा किए जाने वाले भुगतान को लेकर उनमें कुछ विवाद हुआ।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और जल्द ही उन पर केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (केएएपीए) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)