देश की खबरें | अधीर ने बिरला से सोनिया गांधी को लेकर की गई बातें कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया

नयी दिल्ली, 29 जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि वो सारी बातें कार्यवाही से हटा दी जाएं, जो 'राष्ट्रपत्नी' वाली उनकी टिप्पणी को लेकर सदन में बृहस्पतिवार को हुए हंगामे के दौरान सत्तापक्ष की ओर से सोनिया गांधी के संदर्भ में की गई थीं।

चौधरी ने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के वक्तव्य का वो अंश भी हटाया जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नाम लेते समय कथित तौर पर आदरसूचक संबोधन नहीं किया था।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता ने कहा कि उनकी जुबान फिसल गई थी और ऐसे में मुंह से 'राष्ट्रपत्नी'' शब्द निकल गया था तथा इस पूरे विवाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नाम घसीट लिया गया।

उन्होंने दावा किया कि सदन में बृहस्पतिवार को स्मृति ईरानी ने बार-बार ‘द्रौपदी मुर्मू’ शब्द का इस्तेमाल किया और उनके नाम से सम्मानजनक शब्द उपयोग नहीं किया, जबकि वह शीर्ष संवैधानिक पद पर आसीन हैं।

चौधरी ने कहा कि कार्यवाही से ईरानी के इन वाक्यों को हटाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले में सोनिया गांधी का नाम बेवजह घसीटा गया। कांग्रेस नेता ने आग्रह किया कि इसे कार्यवाही से हटाया जाए।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जु्न खड़गे ने भी शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से आग्रह किया कि उच्च सदन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में सत्तापक्ष की ओर से की गयी टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए, क्योंकि केंद्रीय मंत्रियों ने संसदीय प्रक्रियाओं एवं परिपाटी का उल्लंघन किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)