देश की खबरें | राजस्थान में सात मेडिकल कॉलेज के लिए 819 करोड़ रूपए की अतिरिक्त राशि मंजूर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

जयपुर, 11 अगस्त राजस्थान सरकार ने राज्य के सात जिलों में सोसायटी के अधीन संचालित होने वाले नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने और पांच कॉलेजों में 50 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अतिरिक्त धनराशि जारी करने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इन कॉलेजों के लिए कुल संभावित लागत राशि 2441.89 करोड रूपए और भारत सरकार द्वारा स्वीकृत राशि 1623 करोड़ रूपए के बीच के अंतर के रूप में 819.49 करोड़ रूपए की अतिरिक्त राशि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

यह भी पढ़े | COVID-19 Care & Precautions: नहीं खत्म हुया है कोरोना वायरस का कहर, हर कदम पर बरतें एहतियात.

प्रस्ताव के अनुसार, भीलवाड़ा, भरतपुर, पाली, चूरू, सीकर, बाड़मेर और डूंगरपुर जिले में राजस्थान मेडिकल सोसायटी (राजमेस) के अधीन नए चिकित्सा महाविद्यालय संचालित किए जाएंगे।

प्रथम चरण में इन महाविद्यालयों में 100 सीटों पर प्रवेश के लिए प्रति कॉलेज 189 करोड रूपए की लागत राशि स्वीकृत की गई है जिसमें केन्द्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 60 और 40 के अनुपात में है। केन्द्र सरकार द्वारा इनमें से पांच चिकित्सा महाविद्यालयों में 50 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए प्रति कॉलेज लागत राशि में 60 करोड रूपए की वृद्धि के लिए भी स्वीकृति दी है।

यह भी पढ़े | Pranab Mukherjee Health Update: पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत और बिगड़ी, अभी भी वेंटिलेटर पर.

गहलोत ने सभी सात नए मेडिकल कॉलेजों के लिए वास्तविक लागत राशि और विस्तृत कार्ययोजना के आधार पर कुल परियोजना राशि के बीच के अंतर के साथ-साथ भीलवाड़ा, भरतपुर, पाली, चूरू एवं डूंगरपुर में प्रति कॉलेज 50 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश के चलते लागत राशि में वृद्धि सहित 819.49 करोड़ रूपए वहन करने को मंजूरी दी है।

उल्लेखनीय है कि इस अतिरिक्त राशि से सात नए मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध होने वाले जिला अस्पतालों में मरम्मत, उन्नयीकरण के साथ ही बेड की संख्या में वृद्धि की जाएगी। राज्य सरकार के इस निर्णय से मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में तेजी आएगी तथा बढ़ी हुई 250 सीटों सहित कुल 950 सीटों पर प्रवेश हो सकेगा।

पृथ्वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)