देश की खबरें | सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिये जनता में व्यक्तिगत उपस्थिति बढाएं कार्यकर्ता: शर्मा

जयपुर, 16 जून कांग्रेस नेता लोकेश शर्मा ने शुक्रवार को युवा कार्यकर्ताओं से गहलोत सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए जनता के बीच डिजिटल के साथ-साथ व्यक्तिगत उपस्थिति बढ़ाने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सरकार के कार्यक्रमों का सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं, उन्हें भी जमीनी स्तर पर अधिक से अधिक युवाओं को जुटाने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राज्य भर में आयोजित किए जा रहे महंगाई राहत शिविरों के तहत लोगों को योजनाओं का लाभ मिले।

मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी (ओएसडी) शर्मा ने शुक्रवार को नागौर का दौरा किया और 'युवा संवाद' के तहत युवाओं को संबोधित किया और उनसे अपने क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा,“राज्य सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए हैं जिनके उत्साहजनक परिणाम मिले हैं। महंगाई राहत शिविरों की प्रतिक्रिया बहुत उत्साहजनक है।’’

शर्मा ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया पर सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहने वाले स्वयंसेवकों को युवा संवाद के तहत लामबंद एवं प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस तरह के 13 युवा संवाद कार्यक्रम बीकानेर, टोंक, जोधपुर और जैसलमेर सहित 12 जिलों में आयोजित किए जा चुके हैं जिनमें अब तक 65 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि आने वाले सप्ताह में प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, दौसा, भीलवाड़ा और अजमेर जैसे जिलों में युवा संवाद आयोजित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)