देश की खबरें | एएफसी अंडर-16 चैंपियनशिप में भारत की लड़कों की टीम को मुश्किल ड्रा
जियो

नयी दिल्ली, 18 जून भारत को इस साल होने वाली एएफसी अंडर-16 फुटबॉल चैंपियनशिप में मुश्किल ड्रा मिला है जहां टीम को ग्रुप सी में कोरिया गणराज्य, आस्ट्रेलिया और उज्बेकिस्तान जैसी मजबूत टीमों के साथ रखा गया है।

बहरीन में 16 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होने वाले टूर्नामेंट का आधिकारिक ड्रा कुआलालंपुर के एएफसी हाउस में किया गया।

यह भी पढ़े | दुनिया का सबसे बड़ा कोयला निर्यातक बनने की संभावना रखता है भारत: PM मोदी.

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली टीमें पेरू में 2021 में होने वाले अंडर-17 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेंगी।

भारत ने ताशकंद में ग्रुप बी में शीर्ष रहते हुए अंडर-16 फाइनल्स में जगह बनाई है। ताशकंद में भारत के पूल में मेजबान उज्बेकिस्तान के अलावा बहरीन और तुर्कमेनिस्तान की टीमें शामिल थीं।

यह भी पढ़े | मुंबई: तेज बारिश के कारण कुर्ला इलाके में बिल्डिंग का हिस्सा जमीदोज.

भारतीय टीम ने तीन मैचों में सात अंक जुटाए थे। टीम ने 11 गोल किए थे जबकि उसके खिलाफ सिर्फ एक गोल हुआ था।

भारतीय टीम ने लगातार तीसरी और कुल नौवीं बार एएफसी अंडर-16 फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया है।

भारत की अंडर-16 राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडेज ने कहा कि लड़के चुनौती का सामना करने के लिए बेताब हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले किसी तरह की उम्मीदें लगाना पसंद नहीं है। इस स्तर पर सभी टीमों का सामना करना मुश्किल होता है। पिछले कुछ वर्षों में एक टीम के रूप में हमने सुधार किया है। मुझे यकीन है कि मेरी तरह लड़के भी इस चुनौती का सामना करने के लिए बेताब हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)