देश की खबरें | अनुब्रत की गिरफ्तारी के एक दिन बाद घर पर सन्नाटा पसरा, आगंतुक रहे नदारद

बोलपुर, 12 अगस्त तृणमूल कांग्रेस के ताकतवर नेता अनुब्रत मंडल की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा मवेशी तस्करी से जुड़े मामले में की गई गिरफ्तारी के एक दिन बाद बोलपुर शहर स्थित उनके दो मंजिले मकान पर शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। रोजाना जुटने वाले आगंतुक नदारद रहे।

नीले रंग के भवन के ऊपर लगे पंडाल को केवल कुछ लोगों को हटाते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर यज्ञ के लिए यह पंडाल लगाया गया था।

निछुपट्टी इलाके में स्थित मकान का प्रवेश द्वार और नक्काशीदार खिड़कियां बंद रही और यहां तक उनके घर के सामने से गुजरने वाली सड़क पर भी शांति रही।

मंडल के एक पड़ोसी ने बताया, ‘‘किसी दिन भी अगर आप आए और केस्टोदा (अनुब्रत मंडल का उपनाम) घर पर होते थे, सड़क के दोनों किनारे गाड़ियों की कतारें लगी रहती थी और लोग उनके भूतल पर बने कार्यालय में आते-जाते दिखाई देते थे। हमने इस तरह का दृश्य कभी नहीं देखा था। यहां तक कि उनके समर्थक भी कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।’’

मंडल के घर के सामने का दृश्य एक दिन पहले से बिल्कुल विपरीत था। एक दिन पहले तक घर के सामने भारी भीड़ थी और सीबीआई को घर में छापेमारी के बाद उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए अवरोधक लगाने पड़े थे।

सडक किनारे चाय की दुकानों पर लोग बृहस्पतिवार सुबह की नाटकीय घटना और उसके शहर में राजनीतिक समीकरण पर प्रभाव को लेकर चर्चा करते हुए नजर आए। यहां के बारे में कहा जाता था कि ‘‘मंडल की अनुमति के बिना पत्ता भी नहीं हिलता है।’’

उनके आवास के पास मौजूद गारमेंट की दुकान के मालिक ने कहा, ‘‘ केस्टोदा का शब्द केवल बोलपुर के लिए नहीं बल्कि पूरे बीरभूम जिले के लिए था। वह बोलपुर के प्रत्येक कारोबारी, रेहड़ी-पटरी वाले और स्थायी निवासियों की खोज खबर रखते थे। यह स्तब्ध करने वाला है कि किस्मत किस तरह पलटी खाती है,वह भी कुछ घंटो में है।’’

गौरतलब है कि मंडल को उनके आवास पर चलगी करीब एक घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था और उन्हें 20 अगस्त तक सीबीआई की हिरासत में भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)