देश की खबरें | दुष्कर्म के आरोपी की मौत पर थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज

जयपुर, तीन जून राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंड्रेला थाने में दुष्कर्म के आरोपी की मौत के मामले में थाना प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि कोटपूतली निवासी गौरव शर्मा को मंड्रेला थाना पुलिस ने 24 मई को जयपुर से गिरफ्तार किया था।

अगले दिन अदालत ने आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया था। 29 मई को आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर उसे झुंझुनूं रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने सोमवार को बताया कि मृतक के परिजनों ने थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर शव लेने से इनकार कर दिया था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने गौरव से मारपीट की थी।

उन्होंने बताया कि रविवार देर रात पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों की परिजनों के साथ हुई बैठक के बाद थाना प्रभारी रविंद्र कुमार समेत आठ पुलिसकमिर्यों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुंज पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)