देश की खबरें | दिल्ली में 30 अप्रैल तक भरे जाएंगे 7,000 गड्ढे: पीडब्ल्यूडी

नयी दिल्ली, चार मार्च दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर 7,000 गड्ढे भरने के लिए 30 अप्रैल तक की समयसीमा तय की है। एक आधिकारिक संदेश में यह जानकारी दी गई।

पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों को जारी निर्देश में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में 21 फरवरी को दिल्ली मंत्रिपरिषद के समक्ष दिए गए प्रस्तुतीकरण का हवाला दिया गया है।

संदेश में कहा गया, ‘‘इस प्रस्तुति में विभिन्न निविदाएं आमंत्रित करने और कार्य प्रारंभ करने के लिए कुछ समयसीमाएं निर्धारित की गई हैं। इसलिए, सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे इन समयसीमाओं का पालन सुनिश्चित करें।’’

संलग्न प्रस्तुति के अनुसार, विभाग की रखरखाव वाली वैन का उपयोग करके गड्ढों को भरा जा रहा है।

इसके अलावा, पीडब्ल्यूडी ने 20 लाख वर्ग मीटर सड़क के ऐसे हिस्सों की पहचान की है जिनकी मरम्मत की आवश्यकता है। इन मरम्मत कार्यों के लिए 15 मार्च तक निविदा जारी की जा सकती है तथा कार्य पूरा करने का लक्ष्य 30 अप्रैल निर्धारित किया गया है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजधानी की कथित खराब सड़कें एक प्रमुख मुद्दा रहा था।

राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवगठित सरकार में लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह इस पहल की देखरेख कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)