गुरूग्राम (हरियाणा), 21 जुलाई गुरूगाम में चिंटल्स पैराडाइसो सोसायटी की एक और इमारत को आईआईटी, दिल्ली ने रहने के लिहाज से असुरक्षित घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यहां सेक्टर 109 में इस आवासीय परिसर में यह पांचवीं इमारत है, जिसे आईआईटी, दिल्ली ने अपनी ऑडिट रिपोर्ट में असुरक्षित घोषित किया है। यह रिपोर्ट बुधवार को जिला प्रशासन को सौंपी गयी।
गुरूग्राम के अतिरिक्त उपायुक्त हितेश कुमार मीणा ने बताया कि आईआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी तथा शीघ्र ही निष्कासन (इमारत खाली करने का) नोटिस जारी किया जाएगा।
मीणा ने कहा कि इस परिसर की नौ इमारतों में एक को छोड़कर बाकी आठ का संरचनात्मक ऑडिट आईआईटी दिल्ली कर चुका है तथा टॉवर ‘जे’ की ऑडिट रिपोर्ट का इंतजार है।
अपनी नवीनतम रिपोर्ट में आईआईटी, दिल्ली ने कहा कि इस रिहायशी परिसर में इमारत ‘एच’ रहने के लिए सुरक्षित नहीं है, जबकि इमारत ‘बी’ और ‘सी’ की स्थिति खराब हो रही है, लेकिन वे फिलहाल असुरक्षित नहीं हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिन चार इमारतों-- डी, ई, एफ और जी को पहले असुरक्षित घोषित किया गया था, उनमें डी, ई और एफ को खाली करा लिया गया है तथा इमारत ‘जी’ के लिए निष्कासन नोटिस शीघ्र ही जारी किया जाएगा।
पिछले साल फरवरी में टॉवर ‘डी’ के छह तल आंशिक रूप से ढह गये थे, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गयी थी।
मीणा ने कहा, ‘‘शीघ्र ही हम तत्काल निष्कासन आदेश के साथ आईआईटी की ऑडिट रिपोर्ट जारी करेंगे। इस मामले पर निगरानी के लिए गठित की गयी हमारी समिति इस रिपोर्ट पर विचार कर रही है।’’
चिंटल्स पैराडाइसो सोसायटी के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष राकेश हुड्डा ने कहा, ‘‘हमें पता चला है कि इमारत-एच को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है, लेकिन हमें अबतक इस रिपोर्ट की प्रति नहीं मिली है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY