जरुरी जानकारी | कर्नाटक के 'वेंचुराइज 2024-25' के लिए 48 स्टार्टअप चुने गए

बेंगलुरु, छह फरवरी कर्नाटक सरकार के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'वेंचुराइज 2024-25' वैश्विक स्टार्टअप चुनौती के लिए कुल 48 स्टार्टअप चुने गए हैं।

इस कार्यक्रम का मकसद इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन और विनिर्माण, ऑटोमोटिव/ईवी और एयरोस्पेस तथा रक्षा क्षेत्रों में नये-नये समाधानों को बढ़ावा देना है।

राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि लगभग 1,000 वैश्विक अनुप्रयोगों के साथ प्रतिष्ठित स्टार्टअप चुनौती में अब 'ग्रैंड जूरी पिच राउंड' की तैयारी की जा रही है।

इसमें तीन लाख अमेरिकी डॉलर के पुरस्कार और बेंगलुरु पैलेस में निवेशकों, सलाहकारों और उद्योग जगत के लोगों के साथ संबंध बनने के अवसर दिए जाएंगे।

विजेताओं की घोषणा 11-14 फरवरी, 2025 को होने वाले वैश्विक निवेशक बैठक (जीआईएम) 2025 में की जाएगी।

बयान में कहा गया, ''कर्नाटक सरकार और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, टीआईई ग्लोबल और टीआईई बैंगलोर के साथ साझेदारी में प्रतिष्ठित वेंचुराइज 2024-25 वैश्विक स्टार्टअप चुनौती में शीर्ष 48 स्टार्टअप को चुना गया है।''

बयान में कहा गया कि कर्नाटक भारत के नवाचार शक्तिकेंद्र के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)