देश की खबरें | दिल्ली के कंझावला से 28 हजार किलो नकली जीरा बरामद

नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रीय राजधानी के कंझावला में कथित रूप से नकली जीरा बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुये इसके मालिक को गिरफ्तार किया है । अधिकरियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान सुरेश गुप्ता (43) के रूप में की गयी है और वह बुध विहार फेज वन का रहने वाला है । उन्होंने बताया कि वह घास, जगेरी विनेगर एवं पत्थर के पाउडर का इस्तेमाल कर नकली जीरा बनाने वाली कंपनी चलाता था।

पुलिस ने बताया कि 400 बोरा से अधिक नकली जीरा बरामद किया गया है और इसका कुल वजन 28 टन है । उन्होंने बताया कि बरामद वस्तुओं की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है ।

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवीद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को इस फैक्टरी के बारे में जनाकारी मिली थी, जिसमें नकली जीरा बनाया जा रहा है ।

यादव ने कहा कि इस मामले को जन स्वास्थ्य से संबंधित गंभीर मानते हुये, इस सूचना पर कार्रवाई की गयी ।

मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात को इस बात की पुष्टि हो गयी कि गुप्ता कंझावला इलाके में अवैध फैक्टरी चला रहा है और बड़े पैमाने पर नकली जीरा बना रहा है। पुलिस को इस बात की भी खबर मिली थी कि वह नकली जीरे की एक बड़ी खेप दिल्ली के बाहर भेजेगा ।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके तत्काल बाद ही अवैध फैक्टरी में छापेमारी की योजना बनायी गयी ।

उन्होंने बताया, ‘‘हमारी टीम ने कार्रवाई करते हुये सूचना वालेी जगह पर छापेमारी की और इस अवैध फैक्टरी के मालिक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया । वहां से 400 बोरा नकली जीरा बरामद किया गया । प्रत्येक बोरे का वजन 70 किलो था ।’’

इससे पहले उत्तर पश्चिमी दिल्ली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार मुसैदा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों ने बुधवार को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के कंझावला औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी की ।

उन्होंने कहा, ‘‘करीब 28,210 किलोग्राम नकली जीरा और कच्चा माल जब्त किया गया है। नकली जीरे का एक नमूना जांच के वास्ते लिया गया है ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)