मुंबई, 24 मई मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार (25 मई) से 25 दैनिक उड़ानों की शुरुआत होगी। महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये देश भर में 24 मार्च से लॉकडाउन लागू है। पूरे देश में तब से ही वाणिज्यिक उड़ानों पर रोक है। करीब दो महीने के बाद सोमवार से भारत में घरेलू उड़ानों की शुरुआत होने वाली है।
दिलचस्प बात यह है कि राकांपा नेता मलिक के इस बयान से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्होंने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन फिर से शुरू करने के लिये नागरिक उड्डयन मंत्रालय से और समय मांगा है।
इससे पहले दिन में राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने महामारी के जारी प्रकोप के बीच उड़ानें शुरू करने को एक ‘बहुत बुरा सुझाव’ बताया था।
मलिक ने समाचार चैनलों से कहा, "मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सोमवार से दैनिक आधार पर 25 उड़ानों का संचालन करेगा। उड़ानों की संख्या में लगातार वृद्धि होगी।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY