नयी दिल्ली, 25 जून कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से अप्रैल, 2020 में 2.41 लाख नए सदस्य जुड़े। आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। अप्रैल पहला महीना था जबकि कोरोना वायरस की वजह से पूरी तरह लॉकडाउन रहा।
पिछले महीने जारी वेतन रजिस्टर आंकड़ों के अनुसार, मार्च में ईएसआईसी की योजनाओं से 8.21 लाख नए सदस्य जुड़े थे जबकि इससे पिछले महीने यह आंकड़ा 11.83 लाख का रहा था।
यह भी पढ़े | दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर, कोविड-19 के मामले 94 लाख के पार.
ये आंकड़े राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट का हिस्सा हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2019-20 में ईएसआईसी से कुल 1.51 करोड़ नए सदस्य जुड़े। इससे पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 1.49 करोड़ का था।
सितंबर, 2017 से मार्च, 2018 के दौरान ईएसआईसी योजना से कुल 83.35 लाख नए सदस्य जुड़े थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि सितंबर, 2017 से अप्रैल, 2020 के दौरान ईएसआईसी से जुड़ने वाले नए सदस्यों की संख्या 3.86 करोड़ रही।
एनएसओ की रिपोर्ट ईएसआईसी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने वाले सदस्यों के वेतन रजिस्टर आंकड़ों पर आधारित होती है। यह इन निकायों के अप्रैल, 2018 से आंकड़े जारी कर रहा है। इसमें सितंबर, 2017 तक की अवधि को शामिल किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार ईपीएफओ की योजनाओं से अप्रैल, 2020 में 1.33 लाख नए सदस्य जुड़े। ताजा आंकड़ों के अनुसार 2019-20 में ईपीएफओ से जुड़ने वाले नए सदस्यों की संख्या 78.58 लाख रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 61.12 लाख थी।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY